न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार में शामिल हुई ग्राम पंचायतों के वंचित रह गए राजस्व ग्रामों को नजदीकी ग्राम पंचायतों में शामिल कर दिया गया है। अब इन राजस्व ग्रामों के विकास के लिए आई धनराशि को नजदीकी ग्राम पंचायतों में भेजा जा रहा है। इन राजस्व ग्रामों में नजदीकी ग्राम पंचायतों के प्रधान विकास कार्य कराएंगे।
शासन स्तर से जिले की 12 ग्राम पंचायतों को नगर पालिका परिषद के सीमा विस्तार में शामिल किया गया है। नगर पालिका के सीमा विस्तार में शामिल होने वाली ग्राम पंचायत दयानतपुर का नगला उम्मेद, ग्राम पंचायत दादनपुर-ढकपुरा के रमनपुर की मढ़ैया, ग्राम पंचायत मीतई की पट्टी सावंत को सीमा विस्तार में शामिल नहीं किया गया।
अब पंचायतराज विभाग की ओर से नगला उम्मेद को ग्राम पंचायत रुहेरी, रमनपुर की मढ़ैया को नगला अलिया और पट्टी सावंत को ग्राम पंचायत चंदपा में शामिल कर दिया गया है। इन राजस्व ग्रामों में विकास कार्य इन्हीं ग्राम पंचायतों के माध्यम से होंगे। इन राजस्व ग्रामों के लिए विकास के लिए आई धनराशि को इन्हीं ग्राम पंचायतों के खातों में ट्रांसफर करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जिससे इन राजस्व ग्रामों में विकास कार्य फिर से शुरू हो सकें।