न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इस बार रक्षाबंधन पर बहनों की राखी भाइयों के पास सुरक्षित पहुंचेगी। शहर के मुख्य डाकघर से वाटर प्रूफ लिफाफे की मांग भेजी गई है। डाक विभाग रक्षाबंधन पर्व के लिए अभी से तैयारियों में जुटा हुआ है। सभी पोस्टमैन को राखी नियत समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि रविवार से सावन माह की शुरुआत हो गई है। रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजार भी सजना शुरू हो गया है। 22 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। इसे लेकर डाक विभाग भी तैयारी कर रहा है। डाक विभाग ने वाटरप्रूफ लिफाफों की मांग भेजी है।
इस लिफाफे के जरिये बहन की राखी सुरक्षित भाइयों के पास पहुंचेगी। पोस्टमास्टर रामबाबू सिंह का कहना है कि रक्षाबंधन को लेकर डाकघर में वाटर प्रूफ लिफाफे की मांग की गई है। एक-दो दिन में लिफाफे आ जाएंगे। इस लिफाफे पर धूप-पानी का असर नहीं होता है। राखियां सुरक्षित अपने पते पर पहुंचेंगी।