संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बिजली महकमे द्वारा इस बार फीडर वार बिजली की खपत का ऑडिट कराया गया है। इस दौरान शहर में 34 प्रतिशत व देहात में 60 प्रतिशत बिजली चोरी की बात सामने आई है। बिजली अधिकारियों के सामने एक अंक में लाइन हानियों को लाने की चुनौती होगी।
उल्लेखनीय है कि अब तक बिजली निगम द्वारा सब स्टेशन वार बिजली की खपत का ऑडिट कराया जाता था। अब लोगों को पर्याप्त बिजली देने व बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए जिले भर में 200 से अधिक फीडरों का बिजली की खपत का ऑडिट कराया गया है।
ऑडिट का कार्य पूरा हो गया है। ऑडिट में यह सामने आया है कि किस ट्रांसफार्मर पर कितनी चोरी हो रही है। अब ट्रांसफार्मर वार बिजली चोरों पर शिकंजा कसा जाएगा। बिजली चोरी का आंकड़ा एक अंक में लाने के लिए बिजली चोरी पर लगाम कसने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए रिवेम्प स्कीम का सहारा लिया जाएगा। योजना इसी शर्त पर बजट जारी किया जा रहा है कि बिजली चोरी के आंकड़े को एक अंक में लाना है।