हाथरस : मुरसान ब्लॉक कार्यालय पर आरक्षण की अंतिम सूची को देखते लोग।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पंचायत चुनाव को लेकर आरक्षण निर्धारण की अंतिम सूची शुक्रवार को जारी कर दी गई। इस सूची को विकास भवन और ब्लॉक मुख्यालय पर चस्पा कर दिया गया। इस सूची को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। अंतिम सूची को देखकर कई दिग्गजों के चेहरे मुरझा गए तो कई के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
पंचायत चुनाव को लेकर अब आरक्षण निर्धारण की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। इस सूची के जारी होने के साथ ही आरक्षण को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। इस तस्वीर के साफ होते ही प्रत्याशी चुनावी समर में पूरी तरह से उतर आए हैं। जिला प्रशासन की ओर से इस आरक्षण सूची को विकास भवन और विकास खंड कार्यालयों पर चस्पा कर दिया गया है।
इस सूची को देखने के लिए सुबह से ही कार्यालयों पर लोगों को तांता लगा रहा। सभी अपने क्षेत्रों के आरक्षण की स्थिति जानने में जुटे रहे। सूची चस्पा होने के बाद आरक्षण में फेरबदल की आस में बैठे उम्मीदवारों के चेहरों पर मायूसी देखने को मिली। अब सूची फाइनल होने के साथ ही प्रत्याशी अपने दस्तावेजों को तैयार करने में जुट गए हैं।