न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पिछले सालों में भले ही यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा नामांकन वाले कॉलेज में हो रही हो, लेकिन इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर ही प्रयोगात्मक परीक्षा भी होगी। इसे लेकर निर्धारित परीक्षा केंद्रों में से 85 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए बनाया गया है। इन केंद्रों पर पर्यवेक्षक व सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्रयोगात्मक परीक्षा होगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा दो चरणों में होगी। जिले में प्रयोगात्मक परीक्षा दूसरे चरण में 28 अप्रैल से चार मई के बीच होगी। प्रयोगात्मक परीक्षा में होने वाले जुगाड़ को रोकने के लिए इस बार इसकी सख्त निगरानी की व्यवस्था की गई है
परीक्षा केंद्रों पर लगने वाले सीसीटीवी कैमरों पर जनपदीय कंट्रोल रूम से ऑनलाइन नजर रखी जाएगी। जिन कॉलेजों में प्रयोगात्मक परीक्षा होगी, उनमें पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने सभी केंद्र प्रभारियों को प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं। संवाद