हाथरस : कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक लेते मंडलायुक्त। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मंडलायुक्त अलीगढ़ गौरव दयाल ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए नामित रोल प्रेक्षक आयुक्त के रूप में जिले के अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों को बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करते हुए इनकी सूची उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने पुनरीक्षण के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव और आपत्तियां भी मांगीं और कहा कि अर्हता पूर्ण करने वाले अधिक से अधिक नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का काम किया जाए।
उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में नये मतदाताओं का नाम जोड़ने और पहचान पत्र में सुधार करने या जिनका निधन हो गया है, उनका नाम हटाने का कार्य किया जाएगा। आयुक्त ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति करें। अपर आयुक्त अलीगढ़ मनीष कुमार नाहर ने कहा कि हमें हर हाल में त्रुटिपूर्ण रहित मतदाता सूची को तैयार करना है।
नये मतदाता अपना मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए ऑनालाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एक नवंबर से मतदाता सूची के पुनरीक्षण का अभियान चलाया गया है। जिले में कुल 1399 बूथ बनाए गए हैं और उतनी ही संख्या में बीएलओ और 139 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 8507 फार्म प्राप्त हुए हैं। जनपद में लिंग अनुपात 846 तथा इपिक अनुपात 62.10 प्रतिशत है। संवाद