हाथरस : पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास कराते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आगामी त्योहारों व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस ने दंगा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास किया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में हुए इस पूर्वाभ्यास के दौरान पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में पुलिस बल को दंगा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास कराया गया। प्रतिसार निरीक्षक और अन्य अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को एंटी रायल ड्रिल के संबंध में बताया और इस दौरान प्रयोग किए जाने वाले दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन की जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भीड़ के आकस्मिक एकत्रित होने अथवा किसी घटना विशेष के होने से उत्पन्न हुए रोष से लोगों के अवैधानिक रूप से एकत्रित होने, बलवा करने से उत्पन्न हुई स्थिति को नियंत्रित करने और बलवाइयों को तितर-बितर करने के लिए एंटी रायट ड्रिल का पुलिस बल द्वारा प्रयोग किया जाता है, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति बनी रहे।
ड्रिल का अभ्यास किए जाने से पूर्व उन्होंने खुद उपकरणों के संचालन का प्रदर्शन किया। ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी रखने का भी अभ्यास कराया गया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर रुचि गुप्ता, क्षेत्राधिकारी कार्यालय/यातायात शैलेंद्र वाजपेयी, क्षेत्राधिकारी सादाबाद ब्रहम सिंह, क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ सुरेंद्र सिंह, प्रतिसार निरीक्षक, आरटीसी प्रभारी, सभी थानों के प्रभारी निरीक्षक मय पुलिस बल के, यातायात पुलिस, डायल-112 एवं रिक्रूट आरक्षी मौजूद रहे।