न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
घर से एकाएक लापता हुए तीन बच्चों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर बरामद कर लिया। यह बच्चे खेलते-खेलते एकाएक लापता हो गए थे।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला अहीर निवासी राजकुमार ने कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस को यह सूचना दी कि उनका आठ साल का बेटा गांव के ही दो अन्य बच्चों के साथ लापता हो गया है। इन दोनों बच्चों की उम्र 11 वर्ष व सात वर्ष है। उसने पुलिस को बताया कि यह तीनों 9 दिसंबर की शाम को खेल रहे थे और उसके बाद दावत खाने की बात कहकर घर से निकल गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकर में आ गई। हाथरस जंक्शन थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। एसपी विनीत जायसवाल ने बच्चों की बरामदगी के लिए तीन टीमें लगा दीं। पुलिस इनकी खोज में जुट गई। बताते हैं कि बच्चे रास्ता भूल गए और हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंच गए। इसके बाद से भी जब बच्चे भटक रहे थे तो कैलोरा चौराहे पर पुलिस ने इन्हें बरामद कर लिया। बाद में इन्हें इनके परिजनों को सौंप दिया। बच्चों को पाकर इनकी तलाश में भटक रहे परिजनों को राहत मिली और उन्होंने पुलिस की तारीफ की।