न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में मतदान के दौरान इमरजेंसी डयूटी में रहने वाले मतदाताओं को इस बार पोस्टल बैलेट के जरिए मताधिकार करने का मौका मिलेगा। इसे लेकर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पीडीसी सेंटर बनाया जाएगा। यह पीडीसी सेंटर मतदान की दिनांक से तीन पूर्व से शुरू कर दिया जाएगा। इसे लेकर प्रशासन की ओर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ज्यादा से ज्यादा मताधिकार के प्रयोग को लेकर इस बार कई पहल की गई है। इस बार कोविड पॉजिटिव होने वाले मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इस मतदाताओं को पोस्ट बैलेट से मताधिकार करने का मौका दिया जाएगा। वहीं दिव्यांग मतदाताओं को घर पर पहुंचकर टीम के सदस्य पोस्टल बैलेट से मतदान कराएंगे। इस टीम में दो पोलिंग पार्टी के सदस्य, माइक्रो ऑर्ब्जवर व एक वीडियो ग्राफर रहेगा। वहीं सर्विस मतदाता भी पोस्टल बैलेट के जरिए अपना मतदान कर सकेंगे। प्रशासन की ओर से इन सभी मतदाताओं को मतदान कराए जाने को लेकर खाका खींच लिया गया है। वहीं इस बार भारत निर्वाचन आयोग की ओर से एक पहल की गई है।
मतदान के दिन इमरजेंसी डयूटी में लगने वाले कार्मिकों को भी पोस्टल बैलेट से मतदान करने का मौका मिलेगा। इमरजेंसी डयूटी में बिजलीकर्मी, चिकित्सक, अधिग्रहित वाहनों के चालक, मेट्रो चलाने वाले चालक सहित अन्य कार्मिकों को भी शामिल किया गया है। इन मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए 12डी फॉर्म भरकर अपने विधानसभा क्षेत्र के आरओ को देना होगा। आरओ इन मतदाताओं के नाम को मतदाता सूची में वेरीफाई कर मत डालने की अनुमति प्रदान करेगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक पीडीसी सेंटर बनाया जाएगा। इस केंद्र पर मतदान की दिनांक से तीन पूर्व से पोस्टल बैलेट से मतदान प्रकिया शुरू हो जाएगी। संवाद