हाथरस : राजनीतिक भागीदारी नही दिए जाने से नाराज होकर काले झंडे लेकर प्रदर्शन करते बंजारा समाज के ?
- फोटो : HASAYAN
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
क्षेत्र के गांव श्यामपुर के बंजारा समाज के लोगों ने बृहस्पतिवार को फिर हाथों में काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन किया और विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किए जाने का ऐलान किया।
वक्ताओं ने कहा कि आजादी से लेकर वर्तमान समय तक देश व प्रदेश में राजनीति कर सत्ता प्राप्त करने वाले दलों द्वारा बंजारा समाज के लोगों को आज तक राजनीति में भागीदारी नहीं दी गई। राजनीतिक भागीदारी नहीं मिलने से नाराज मतदाताओं ने कहा कि प्रदेश में बंजारा समाज के लाखों लोग रहते हैं, लेकिन सभी ने बंजारा समाज के लोगों की उपेक्षा कर उनको केवल वोट पाने का जरिया समझ लिया है।
वक्ताओं ने कहा कि समाज के लोग 20 फरवरी मतदान करने के लिए तब तक मतदान केंद्र पर नहीं जाएंगे, जब तक बंजारा समाज के लोगों को राजनीतिक भागीदारी दिए जाने का ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता। बंजारा समाज के लोगों ने अपने घरों पर काले झंडे लगाकर राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों का बहिष्कार और विरोध प्रदर्शित करना शुरू कर दिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में बंजारा समाज के लोग मौजूद थे। संवाद