न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में लगातार बढ़ रहे बुखार के प्रकोप को लेकर स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक काफी चिंतित हो गए हैं। उन्हें अपने बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता सता रही है। अभिभावक कुछ दिन के लिए छोटे बच्चों के स्कूलों को बंद रखते हुए ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन कराए जाने की मांग कर रहे हैं।
कोरोना काल में कई महीने तक स्कूल-कॉलेज बंद रहे। महीनों के इंतजार के बाद कोरोना संक्रमण कम होने पर एक-एक करके सभी स्कूल-कॉलेज खुल चुके हैं, लेकिन अब बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। बच्चे व बुजुर्ग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। अभिभावकों की चिंता जिले में मिल रहे डेंगू के मामलों ने बढ़ा दी है। ऐसे में अभिभावक स्कूलों को बंद कराए जाने की मांग करते हुए ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन करने की मांग कर रहे हैं।
बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में बच्चों को स्कूल भेजना खतरे से खाली नहीं है। इस समस्या से निपटने के लिए कुछ दिनों के लिए छोटे बच्चों के स्कूलों को बंद करते हुए ऑनलाइन कक्षाएं पूर्व की तरह संचालित करा दी जाएं तो बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हितकर होगा।
-त्रिभुवन कुलश्रेष्ठ, अभिभावक
जहां पर भी जाओ, बुखार के रोगी मिल जाते हैं। मौसम के बदलाव का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर पड़ रहा है। अगर बच्चों के स्कूल कुछ दिनों के लिए बंद करते हुए उनकी कक्षाएं पहले की तरह ऑनलाइन संचालित करा दी जाएं तो बच्चों को बुखार से सुरक्षित रखा जा सकता है।
-कुलदीप शर्मा, अभिभावक