न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले की 61 ग्राम पंचायतों में जल्द ही पंचायत सहायकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी। इन पंचायतों में प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष चयनित अभ्यर्थियों की सूची जल्द जारी होगी। पंचायती राज विभाग की ओर से अभिलेखों की जांच पूर्ण कर सूची को चयन समिति के समक्ष भेज दिया गया है। जिला पंचायती राज अधिकारी सुबोध जोशी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा।
ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को ऑनलाइन योजना का लाभ दिए जाने के लिए पंचायत सहायकों की तैनाती की गई है। पंचायत सहायकों को ग्राम पंचायतों में बने मिनी सचिवालयों में बैठाकर ग्रामीणों को योजनाओं के बारे में जानकारी व ऑनलाइन आवेदन किए जाने के निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में जिले की ग्राम पंचायतों में प्रथम चरण में पंचायत सहायक के लिए आवेदन लेकर भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई थी।
इसके बावजूद 64 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक के पद रिक्त रह गए। पंचायती राज विभाग की ओर से इन रिक्त पंचायत सहायकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर शासन से अनुमति ली गई। इस अनुमति के सापेक्ष विभाग की ओर से भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान 64 में से 61 ग्राम पंचायतों से उक्त पदों के सापेक्ष प्रस्ताव भेजे गए। अब इन प्रस्तावों को पंचायती राज विभाग की ओर से जांच के बाद चयन समिति के समक्ष भेजा जा रहा है। संवाद