संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच में फंसे वर्ष 2004-05 की बीएड की डिग्री से नौकरी हासिल करने वाले 43 शिक्षकों का स्कूल जाने का रास्ता साफ हो गया है। कोर्ट के आदेश के बाद बीएसए ने कार्यभार ग्रहण कराने के संबंध में पत्र जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 73 शिक्षक एसआईटी की जांच में फंस गए थे। इनमें से कुछ पर फर्जी तो कुछ पर बीएड की जाली अंकतालिका से नौकरी हासिल करने का आरोप था। इसके बाद इनके खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई विभाग द्वारा की गई।
इनमें से ज्यादातर शिक्षक कोर्ट न्यायालय की शरण में चले गए और फिर बहाल भी हो गए, लेकिन 43 शिक्षकों को बहाल करने के बाद भी स्कूलों में कार्यभार ग्रहण नहीं कराया गया था। अब कोर्ट ने इन्हें स्कूलों में कार्यभार ग्रहण कराने का आदेश जारी किया। बीएसए शाहीन ने अपने पत्र में कोर्ट के आदेश का जिक्र करते हुए कार्यभार ग्रहण करने की अनुमति देते हुए विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी किया है।