न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के कलवारी रोड पर 400 केवीए के ट्रांसफार्मर से पंद्रह दिन के अंदर दूसरी बार तेल चोरी हुआ है। इससे विभाग को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं काफी देर तक लोगों का बिना बिजली के भी रहना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि बिजली विभाग द्वारा गर्मी को देखते हुए बीते दिनों शहर के सभी ट्रांसफार्मरों तेल डाला गया। अब तेल चोरों ने ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सोमवार की रात को शहर के कलवारी रोड पर एफसीआई गोदाम के निकट लगे ट्रांसफार्मर से 250 लीटर तेल पार कर दिया। तेल चोरी होने के चलते ट्रांसफार्मर शोपीस बन गया।
विभागीय कर्मियों की मानें तो पंद्रह दिन में दूसरी बार तेल चोरी हुआ है। इससे विभाग को अच्छा खासा नुकसान हुआ है। इस मामले में एसडीओ पवन वर्मा का कहना है कि शहर के कलवारी रोड पर ट्रांसफार्मर से दूसरी बार तेल चोरी हुआ है। मंगलवार को 250 लीटर तेल चोरी होने से करीब पचास हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पहले जो नुकसान हुआ वह अलग है। संवाद