न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अब सरकार द्वारा शहर से गांव तक निर्बाध बिजली आपूर्ति कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने की कवायद शुरू कर दी है। जिलेभर के बिजलीघरों पर कैपिस्टर बैंक लगाए जा रहे हैं। कुछ बिजलीघरों पर कैपिस्टर बैंक लगाए जा चुके हैं। बाकी पर जल्द लगाने की तैयारी चल रही है। कैपिस्टर बैंक लगने से जिले के सवा दो लाख उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
ग्रामीण अंचल में अधिकांश कम वोल्टेज की समस्या रहती है। इस कारण ग्रामीणों को नलकूपों के संचालन में मुश्किल का सामना करना पड़ता है। अब देहात के बिजलीघरों पर कैपिस्टर बैंक लगने से कम वोल्टेज की समस्या दूर होगी। लोग आराम से एसी भी चला सकेंगे। बिजलीघरों पर लगने वाले कैपिस्टर बैंक की ऑनलाइन निगरानी होगी। जिले के 42 बिजलीघरों पर जल्द कैपिस्टर बैंक लगाने की कार्य योजना अफसरों ने तैयार कर ली है। कुछ बिजलीघरों पर कैपिस्टर बैंक लगाने की शुरुआत हो गई है।
लो वोल्टेज के चलते नहीं चल पाते नलकूप
हाथरस। गर्मियों के दौरान लो वोल्टेज की समस्या रहती है। इससे गांवों में नलकूप न चल पाने के कारण किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पाते हैं। उन्हें डीजल इंजन से चलने वाले नलकूपों से सिंचाई करनी पड़ती है। गांवों में जिन घरों में सबमर्सिबल पंप लगे हैं, उनको भी पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पाते हैं। कैपिस्टर बैंक लगने से बिजली की बचत होगी। स्विच गियर ट्रांसफार्मर खराब नहीं होंगे। वोल्टेज बढ़ेगा तो लाइन हानि भी कम होगी। घरों में वोल्टेज का उतारा चढ़ाव नहीं होगा।
सभी बिजलीघरों पर कैपिस्टर बैंक लगाए जाने हैं। जिन पर लगे हुए हैं, उनकी अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की जाएगी। जिन पर नही लगे हैं उन पर जल्द कैपिस्टर बैंक स्थापित किए जाएंगे।
-हरीमोहन, अधीक्षण अभियंता विद्युत