संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को भरकर ले जाना वाहन मालिकों को अब भारी पड़ेगा। स्कूली वाहनों व मॉडिफाइल बुलेट बाइक सवारों के खिलाफ परिवहन विभाग ने अभियान चलाया। इस दौरान करीब एक दर्जन वाहनों के चालान काटे गए। स्कूल वाहन मालिकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
स्कूली वाहनों में वाहन चालक बच्चों को लाने और ले जाने में यातायात के नियमों की अनदेखी करते हैं। वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को एआरटीओ (प्रशासन) नीतू सिंह ने शहर के मुख्य मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई स्कूली वाहनों का चालान काटा गया। साथ ही मॉडिफाइड बुलेट के साइलेंसरों की जांच करते हुए वाहनों पर जुर्माना किया गया। इससे वाहन स्वामियों में खलबली मची रही।