प्रशांत भारती
हाथरस। बहुजन समाज पार्टी ने सादाबाद के बाद अब हाथरस विधानसभा सीट पर भी अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। अब सबकी टकटकी इस पर लगी है कि बसपा सिकंदराराऊ में किसे अपना उम्मीदवार बनाती है। इस बार पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के बिना बसपा को यह विधानसभा चुनाव लड़ना होगा। इसके लिए बसपा काफी कसरत भी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा ने इस जिले में अपनी साख बचाई थी। पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय भाजपा की प्रचंड लहर में भी बसपा से सादाबाद से चुनाव जीत गए थे। हालांकि दो साल पहले रामवीर उपाध्याय को बसपा से निलंबित कर दिया गया। उनका पूरा परिवार भाजपा में शामिल हो चुका है। बसपा रामवीर के बिना अगले विधानसभा चुनाव को लड़ने की तैयारी कर रही है।
इसके तहत पार्टी ने सादाबाद में डॉ. अविन शर्मा को प्रत्याशी घोषित किया और बृहस्पतिवार को हुई मंडलीय जनसभा में हाथरस सीट से विजयगढ़ नगर पंचायत के चेयरमैन संजीव कुमार काका को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है। अब पार्टी सिकंदराराऊ सीट पर भी दमदार चेहरे को तलाश रही है। पार्टी की जिले में काफी स्थिति अच्छी रही है। जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर पार्टी ने जीत हासिल की है। ऐसे में पार्टी के सामने बिना रामवीर उपाध्याय के अपना पिछला प्रदर्शन दोहराने की चुनौती होगी। संवाद