हाथरस : कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के विभागों के विभागाध्यक्ष ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरत रहे हैं। इस कारण ऑनलाइन पोर्टल पर 400 से अधिक शिकायतें लंबित हैं। इसमें से करीब दो दर्जन से अधिक शिकायतें निस्तारण के इंतजार में समयावधि को भी पूरा कर चुकी हैं। डीएम ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर नाराजगी जताई है। शिकायतों के निस्तारण की निगरानी के लिए दो सहायक नोडल अधिकारियों को भी नामित किया गया है।
शिकायतकर्ता बिना कार्यालय आए ही अपने घर से किसी भी साइबर कैफे से अपनी शिकायत को ऑनलाइन दर्ज करा सकता है। इनके निस्तारण के लिए शासन की ओर से 21 दिन की समयावधि निर्धारित की गई है। 21 दिन के अंदर संबंधित विभाग को अपनी शिकायत का निस्तारण कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराना होगा। शिकायतों के निस्तारण में अब लापरवाही बरती जा रही है।
समीक्षा में पता चला है कि विभिन्न विभागों के स्तर पर 400 शिकायतें लंबित चली आ रही हैं। विभागों के माध्यम से अभी तक इन शिकायतों का निस्तारण नहीं किया गया है। यहां तक कि करीब दो दर्जन से अधिक शिकायतें अपनी निर्धारित समयावधि को भी पार कर चुकी हैं। अब इस मामले में डीएम रमेश रंजन ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि तीन दिवस में शिकायतों का निस्तारण न होने की दशा संबंधित विभागीय अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद