संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर वर्ष 2022 में पंचायत पुरस्कारों की विजेता पंचायतों को प्रमाणपत्र वितरण होगा और पुरस्कार राशि का ऑनलाइन हस्तांतरण किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में खुली बैठक कर सतत विकास कार्यों पर भी चर्चा की जाएगी।
इसे लेकर पंचायतराज विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शासन के निर्देश पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत दिवस मनाने के लिए पंचायतराज विभाग की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 17 सतत के विकास लक्ष्यों पर चर्चा की जाएगी।
वहीं सुशासित गांव, साफ एवं हरा गांव, गरीबी मुक्त एवं बेहतर आजीविका वाला गांव, बाल मैत्री गांव, विकास में लैंगिक समानता वाला गांव, पर्याप्त जल वाला गांव, स्वस्थ ग्राम, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव, गांव में संरचनात्मक ढांचे की उपलब्धता सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
ग्राम सभा में पंचायत स्तर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम निर्धारित थीमों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी। ग्राम पंचायतों में 24 अप्रैल को इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का प्रसारण दिखाने की व्यवस्था भी की जाएगी।