संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
क्षेत्र के गांव में शादी समारोह से दावत खाकर घर लौट रही मासूम को खेत में ले जाकर छेड़छाड़ की गई। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मासूम के पिता ने इस मामले में शिकायत दी थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पीड़ित व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि उसकी साढ़े छह साल की बेटी गांव में ही एक शादी समारोह में दो जुलाई को दावत खाने गई थी। कार्यक्रम में आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के गांव बमान निवासी युवक भी शामिल हुआ था। पीड़ित का कहना है कि उसकी बेटी शाम करीब सात बजे दावत खाकर घर आ रही थी।
तभी रास्ते में यह युवक उसकी मासूम बेटी को गांव से करीब 450 मीटर दूर खेत में ले गया। वहां उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे गलत नीयत से परेशान किया। जब उसकी बेटी काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश की। उसकी बेटी खेत में इस युवक के साथ मिली।
मौके पर जमा हुए लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। इस दौरान युवक भाग निकला। इस मामले में करुआ निवासी बमान थाना खंदौली जिला आगरा को नामजद किया गया है। आरोपी के खिलाफ आईपीसी 1860 की धारा 354ख, 341, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 7 व 8 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।