न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सर्दी बढ़ने के साथ ही चोरी की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। इगलास रोड स्थित नगला सड़क में बदमाशों ने पांच घरों को निशाना बनाया। यहां से बदमाश नकदी और सामान चोरी कर ले गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। इस मामले में तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के इगलास रोड स्थित नगला सड़क के रजहबे के निकट हेमंत उपाध्याय के बंद मकान से चोर एलईडी, चांदी की पायजेब चोरी कर ले गए। चिरबा की ढकेल लगाने वाले टिंकू के घर से गैस सिलिंडर व सोलर पैनल को भी चोर चोरी कर ले गए। सुबह छानबीन के दौरान सोलर पैनल खेत में पड़ा मिल गया। यहीं के धाम सिंह अपने परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर रहते हैं।
चोरों ने पहली मंजिल के ताले तोड़कर डेढ़ क्विंटल पीतल के बर्तन, करीब सवा किलो चांदी और 42 हजार रुपये की नकदी पार कर ली। जयपाल सिंह के मकान से पीतल के बर्तन चोर ले गए। भगवान सिंह के घर से चोर म्यूजिक सिस्टम, बैटरी व बाइक चोरी कर ले गए। सुबह के वक्त इधर-उधर तलाश करने पर बाइक गांव के निकट खड़ी मिली। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना के बारे में जानकारी ली। संवाद