न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कोतवाली की चौकी पुरदिलनगर के गांव नगला बिहारी में मंगलवार की सुबह विवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। दो वर्ष पूर्व विवाहिता की शादी हुई थी।
नगर के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी मुनीम जाटव ने अपनी पुत्री तुलसी की शादी दो वर्ष पूर्व गांव नगला बिहारी निवासी पंकज कुमार से की थी। मंगलवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि विवाहिता की फांसी के फंदे से लटकने से मौत हो गई है। चौकी प्रभारी संतोष सिंह मौके पर पहुंच गए।
तुलसी का शव बरामदे में चारपाई पर पड़ा मिला। मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोतवाल प्रवेश राणा के अनुसार पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और मृतका के घरवालों की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।