संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने नगर पंचायत की टीम और पुलिस फोर्स के साथ रविवार को नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान में फुटपाथ पर अवैध अस्थायी, स्थायी अतिक्रमण, तिरपाल, टीनशेड आदि को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया गया। साथ ही अतिक्रमण की जद में रखे वाहनों और सामान को भी जब्त कर लिया गया।
अभियान के दौरान करीब 25 अतिक्रमणकारियों से 51 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस अभियान से लोगों में खलबली मची रही। एसडीएम ने कहा कि पूर्व में कई बार चेतावनी और नोटिस दिए जाने के बाद भी कई दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया है।
यह दुकानदार दुकान का सामान बाहर फुटपाथ और सड़क की पटरी पर सजाकर अवैध अतिक्रमण कर रहे हैं, जिससे नियमों का मखौल उड़ रहा है और प्रशासन को खुली चुनौती मिल रही है, लेकिन अब यह सब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण करने वालों से जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि अवैध अतिक्रमण की वजह से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रास्ते संकरे हो गए हैं। पैदल राहगीरों को भी आए दिन जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। तहसील दिवस में भी अवैध अतिक्रमण को लेकर पूर्व में कई शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। कहा कि, फिलहाल तो बस स्टैंड से लेकर स्टेट बैंक और स्टेट बैंक से लेकर ईदगाह तक अभियान चलाया गया है।
यदि फिर से दुकानदारों ने अतिक्रमण किया तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मथुरा रोड, राया रोड, मुरसान रोड, सहप ऊ रोड के अलावा नगर के मुख्य बाजार में भी जल्द ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसलिए, स्वयं अतिक्रमणकारी अतिक्रमण को स्वयं हटा लें।
उन्होंने ढकेल वालों को भी निर्धारित जगह पर ढकेलों को लगाने की चेतावनी दी। मौके पर ईओ लल्लनराम यादव, अपराध निरीक्षक ऋषिपाल सिंह, कस्बा इंचार्ज मुन्नालाल, जोगेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार रामगोपाल, प्रभारी कानूनगो पंकेश कौशिक आदि मौजूद रहे।
सादाबाद में अतिक्रमण हटवाते एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे, नायब तहसीलदार रामगोपाल, ईओ लल्लनराम यादव- फोटो : SADABAD