हाथरस : संत फ्रांसिस स्कूल में आयोजित प्रशिक्षण में मौजूद मतदान कर्मी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में तीसरे चरण के लिए होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से 20 फीसदी रिजर्व कार्मिक रखे गए हैं। इन कार्मिकों को रविवार को संत फ्रांसिस कॉलेज में मास्टर ट्रेनरों के जरिए प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतदान कराए जाने संबंधी पूरी जानकारी विस्तार से दी गई। वहीं प्रशिक्षण में गैरहाजिर रहे रिजर्व कार्मिकों के विभागाध्यक्षों को कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए गए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में जिले में तीसरे चरण में होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियों का खाका खींचा जा रहा है। इस क्रम में रविवार को प्रशासन की ओर से मतदान में लगाए गए 20 फीसदी रिजर्व कार्मिकों को मास्टर ट्रेनरों के जरिए प्रशिक्षण दिया गया। प्रशासन की ओर से इन रिजर्व कार्मिकों को इसलिए रखा गया है कि अगर मतदान के दौरान कोई भी कार्मिक की तबियत खराब होने, कोरोना संक्रमित निकलने की दशा में इनमें से किसी भी कार्मिक को तत्काल मतदान के लिए ड्यूटी पर भेजा जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान रिजर्व कार्मिकों को मॉक पोल, सीलिंग सहित अन्य बातों के बारे में प्रशिक्षित किया गया। वहीं गैरहाजिर रिजर्व कार्मिकों पर कार्रवाई के लिए संबंधित विभागाध्यक्ष को निर्देश जारी किए हैं। परियोजना निदेशक (पीडी) एके मिश्र ने बताया कि प्रथम चरण के लिए सभी कार्मिकों को मतदान संबंधी प्रशिक्षण दे दिया गया है। इस प्रशिक्षण के बाद अब दूसरे चरण में सभी कार्मिकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। संवाद