हाथरस : गांव सोखना में झगड़े के दौरान चलते लाठी-डंडे।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
युवती पर टिप्पणी को लेकर कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव सोखना में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले। यहां पर आठ महिला-पुरुष घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में इलाज कराया और 14 लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव सोखना में एक युवक पर गांव की ही युवती पर टिप्पणी करने का आरोप है। इस बात को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह पहले तो दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी भरा माहौल बन गया।
लोग इधर-उधर भागने लगे। चीख-पुकार मच गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली। दोनों-पक्षों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए। मारपीट में घायल आठ लोगों का पुलिस ने जिला अस्पताल में इलाज कराया। 14 लोगों का शांतिभंग करने के आरोप में चालान किया गया है। एसएचओ जगदीशचंद्र ने बताया कि युवती पर टिप्पणी करने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी।