न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ग्राम पंचायत चंदैया में जिलाधिकारी (डीएम) रमेश रंजन ने कार्यवाहक ग्राम प्रधान के लिए ग्राम पंचायत सदस्य कैलाश कुमार को नामित किया है। निर्वाचित ग्राम प्रधान का प्रमाण पत्र फर्जी निकलने के बाद से उनको पदच्युत कर दिया गया था। इस रिक्त पद पर कार्यवाहक ग्राम प्रधान को नामित कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि शिकायतकर्ता हिमांशु सेंगर द्वारा ग्राम पंचायत चंदैया की नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान अंजू देवी के विरुद्ध फर्जी जाति प्रमाणपत्र के आधार पर ग्राम प्रधान के पद पर निर्वाचित होने के संबंध में शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर जाति प्रमाणपत्र के सत्यापन के लिए जिला स्तर पर चार सदस्यीय समिति गठित की गई। इस समिति ने जाट जाति का प्रमाणपत्र फर्जी पाया।
इस आधार पर जाति प्रमाणपत्र संख्या 131213001109 को निरस्त करने की कार्रवाई की गई और नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किया गया। स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने की स्थिति में डीएम ने अंजू देवी को ग्राम प्रधान के पद च्युत कर दिया गया है। डीएम के निर्देश पर तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। डीएम ने इस कमेटी में से ग्राम पंचायत सदस्य कैलाश कुमार को कार्यवाहक ग्राम प्रधान के पद पर नामित किया है।