हाथरस : मथुरा में गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में जनसंपर्क करते वक्त घायल हुए सपा जिला महासचिव जैनुद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क करते वक्त सपा के जिला महासचिव जैनुद्दीन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में फ्रेक्चर हो गया। फिलहाल चिकित्सकों ने उन्हें कुछ दिन जनसंपर्क को छोड़कर आराम करने की सलाह दी है, जिससे वह जल्द स्वस्थ्य हो सकें।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल सपा-रालोद गठबंधन से मथुरा से विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी हैं। लिहाजा सादाबाद से पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन के नेतृत्व में काफी सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मथुरा वृंदावन विधानसभा क्षेत्र में प्रचार-प्रसार के लिए रवाना हो रहे हैं।
दो दिन पहले भी पूर्व जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में हाथरस से सपा के जिला महासचिव जैनुद्दीन चौधरी प्रत्याशी देवेंद्र अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन, मथुरा सपा महानगर अध्यक्ष डॉ. अबरार हुसैन, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष मथुरा तनवीर अहमद एडवोकेट, पूर्व सपा महानगर अध्यक्ष मथुरा चौधरी सईद आदि के साथ लोगों से जनसंपर्क कर रहे थे तो इस दौरान रास्ते में एक खुले मेनहोल में उनका पैर घुस गया, जिससे वह गिर गए। उनके पैर में फ्रेक्चर हो गया। उन्हें मौके से ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया। शनिवार की रात को जब वह अपने घर पहुंचे तो काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व अन्य लोग भी पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। संवाद