हाथरस : लावारिस हालत में मिला बच्चा। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इगलास रोड बाईपास पर एक मासूम बच्चा लावारिस बैग में मिला। बैग में बच्चा मिलने की जानकारी पर मौके पर काफी भीड़ लग गई। बच्चे को लोग पास के गांव जोगिया में लेकर पहुंचे। मौके पर पुलिस पहुंच गई और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने बच्चे के स्वास्थ्य का परीक्षण जिला अस्पताल में कराया।
बाईपास इगलास रोड चौराहा के निकट रविवार की सुबह कुछ लोग सड़क किनारे टहल रहे थे। इस बीच उन्हें टहलते समय झाड़ियों में पड़ा एक बैग नजर आया। लोग उस बैग के पास गए तो उसमें से एक बच्चे के रोने की आवाज आने लगी। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर लोग हैरान रह गए और फिर बैग को लोगों ने खोल कर देखा तो उसमें एक बच्चे को देखकर वह हैरान रह गए। मौके पर काफी भीड़ लग गई। पुलिस को भी इस मामले की जानकारी हुई तो इस बीच लोग इस बच्चे को पास के ही गांव जोगिया ले गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों से बच्चे के झाड़ियों में मिलने की जानकारी ली और फिर बच्चे का पुलिस ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर जोगिया निवासी महिला को देखभाल के लिए दे दिया। एसएचओ डीके शर्मा का कहना है कि बच्चा बैग में कहां से आया और किसका है, इसके बारे में छानबीन की जा रही है। लोगों की मानें तो बच्चे को हत्या के उद्देश्य से बैग में बंद कर झाड़ियों में फेंका गया है, क्योंकि बच्चे की गर्दन पर निशान बने हुए हैं। फिलहाल पुलिस बच्चे के मामले में छानबीन कर रही है। संवाद