न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रोडवेज बस चलाने के दौरान सीट बेल्ट न लगाना चालकों को भारी पड़ेगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) ने सभी चालकों को अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट लगाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि यदि सीट बेल्ट न लगाने पर किसी बस का चालान कटता है तो इसकी भरपाई चालक के वेतन से की जाएगी। उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में वर्तमान में 77 बसें हैं। ये बसें लोकल से लेकर लंबे रूट तक संचालित होती हैं। बस परिचालन के दौरान अधिकांश चालकों द्वारा सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं किया जाता। शासन स्तर से सड़क सुरक्षा को लेकर कई प्रयास किए जा रहे हैं।
इस क्रम में एआरएम ने बस के परिचालन के दौरान सीट बेल्ट न लगाने वाले चालकों पर सख्ती करने का मन बनाया है। सभी को सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए कहा गया है। एआरएम का कहना है कि सीट बेल्ट न लगाने पर जिस बस का चालान कटेगा, उसके चालक से चालान राशि की भरपाई की जाएगी। संवाद