सादाबाद: बिजली महकमे के खंडीय कार्यालय का सैनिटाइजेशन करते कर्मचारी।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
विद्युत वितरण खंड सादाबाद के जैतई रोड स्थित कार्यालय में कार्यरत हाथरस की साकेत कॉलोनी निवासी एक कर्मचारी कुछ दिनों पहले कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिससे दफ्तर में काम करने वाले लोगों में हड़कंप मच हुआ है। मंगलवार को स्वास्थ्य महकमे की टीम ने दफ्तर पर पहुंची। टीम ने उक्त कर्मचारी के आसपास रहे सात अधिकारी-कर्मियों को चिन्हित किया। इनमें से चार लोगों के नमूने भी लिए गए हैं, जबकि शेष लोगों ने अपनी जांच स्वयं ही आगरा व हाथरस में करा ली।
स्वास्थ्य महकमे के एचईओ डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिस कमरे में उक्त संक्रमित कर्मचारी बैठता था, उस कमरे को बंद करा दिया गया है। उक्त संक्रमित के आसपास रहे एक एसडीओ, तीन अवर अभियंता और तीन कर्मचारियों में से चार लोगों के नमूने लिए गए हैं। शेष ने अपनी जांच हाथरस व अन्य जगहों पर स्वयं करा ली है। मौके पर मौजूद मिले सभी कर्मियों की स्क्रीनिंग भी की गई है। लगातार 14 दिन तक हर तीन दिन में इनकी जांच की जाएगी।
नगर पंचायत की टीम ने कराया सैनिटाइजेशन
सादाबाद। जैतई रोड स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय में एक कर्मचारी के संक्रमित निकलने के बाद मंगलवार को नगर पंचायत के कर्मियों की टीम ने सफाई निरीक्षक वीरेंद्र चौहान की देखरेख में बिजली दफ्तर का सैनिटाइजेशन किया गया। पूरे दफ्तर में दवा का छिड़काव किया गया।