न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में मौसमी बीमारियों ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। कोरोना महामारी के साथ अब स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से भी लड़ने के लिए कमर कस ली है। इन बीमारियों के बढ़ने से पहले ही रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। विभाग की टीम ने इस बीमारी को रोकने के लिए डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है, जिससे डेंगू के लार्वा को पनपने से पहले खत्म किया जाएगा। बुखार के हर मरीज की डेंगू की भी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश के मौसम में डेंगू बीमारी भी पैर पसारने लगी है। स्वास्थ्य विभाग ने सरकार के निर्देश के अनुसार डेंगू बीमारी को लेकर तैयारियां कर ली हैं। बदलते मौसम को देखते विभाग की टीम भी सतर्क हो गई है। जिला मलेरिया अधिकारी एम. जौहरी ने बताया कि यह मौसम वेक्टर बोर्न डिजीज यानि मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया का है। अगस्त से अक्तूबर तक वेक्टर बोर्न डिजीज का प्रकोप अधिक होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचते हैं।
इससे बचाव के लिए समय-समय पर एडवाइजरी जारी की जाती है। इस कारण वेक्टर बोर्न डिजीज के मरीजों की संख्या में कमी आई है। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाए जा रहा है। जहां अधिक मात्रा में जल इकट्ठा हो जाता है। वहां ये बीमारी वाले मच्छर पनपते है, इसलिए हमें पानी को ज्यादा समय तक इकट्ठा होने से रोकना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों से बचाव पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए, क्योंकि बचाव होगा तो इलाज की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
कैसे बचें
कूलर व अन्य बर्तन जिनमें पानी का संचयन किया जाता है, को नियमानुसार सुखाकर ही पुन: प्रयोग में लाएं। घर की छतों, बेकार पड़े बर्तनों, गमलों के नीचे एसी से निकालने वाले पानी पक्षियों के लिए रखे गए पानी के बर्तन को सप्ताह में एक बार सुखाकर ही प्रयोग में लायें।
मच्छरों के काटने से बचाव
-ऐसे कपड़े पहने, जिससे शरीर का ज्यादा-से-ज्यादा हिस्सा ढका रहे।
-बच्चों को मलेरिया सीजन में निक्कर व टी-शर्ट न पहनाएं, फुल कपड़े पहनाएं।
-रात को सोते समय मच्छरदानी लगाएं।
अभी तक जिले में डेंगू का कोई मरीज नहीं है। अगर किसी इलाके में डेंगू का मरीज मिलता है तो उस इलाके में फॉगिंग करवाई जाएगी। डेंगू और मलेरिया के मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए आम जनता को चाहिए कि वे अपने आसपास पानी व कचरा इकट्ठा ना होने दें। इसके अलावा घर के कूलर, पानी की टंकी, फ्रिज के पीछे की ट्रे की सफाई समय-समय पर करते रहें। जिला अस्पताल व सभी सीएचसी पर डेंगू के लिए अलग से वार्ड बनवाए दिए गए हैं, ताकि डेंगू के रोगी को उसमें भर्ती करके उपचार दिया जा सके।
-डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी, सीएमओ हाथरस