गांव बरौस के पास सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। घायलों को उपचार के लिए सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इनका उपचार किया गया। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।
मुरसान रोड पर बाइक के फिसलने से यूनिस पुत्र नूर मोहम्मद और सोनम पुत्री नूर मोहम्मद निवासी कोरना मुरसान घायल हो गए। गांव शिर्कुरा इगलास निवासी शंकुतला देवी पत्नी छीतरमल बाइक पर सवार होकर अपने बेटे के साथ कहीं जा रही थीं तो हाथरस रोड पर अचानक बाइक के पहिये में चुन्नी आ जाने की वजह से शकुंतला देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
तीसरी सड़क दुर्घटना सलेमपुर रोड पर हुई, जिसमें बाइक के अचानक गिर जाने की वजह से कुसुमा पत्नी महाराज सिंह निवासी नगला प्रेम सिंह घायल हो गईं। चौथी सड़क दुर्घटना गांव बरामई के पास हुई, जिसमें अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सोनवीर पुत्र ईश्वरचंद्र घायल हो गया। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।