न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एनसीसी के समूह मुख्यालय अलीगढ़ के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एसएस भोगल ने बृहस्पतिवार को 9 यूपी वाहिनी का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय और स्टोर आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। ग्रुप कमांडर ने बताया कि इस वाहिनी के एनसीसी कैडेट अनुशासन और ड्रिल में बहुत अच्छे हैं। कैडेट्स ने ग्रुप कमांडर को गार्ड ऑफ ऑनर व सलामी दी। ग्रुप कमांडर ने कैडेट्स को पुरस्कृत किया।
उन्होंने कहा कि एनसीसी की शुरुआत वर्ष 1948 में हुई थी। एनसीसी को सशस्त्र बलों का यूथ विंग कहा जाता है। यह दुनिया के सबसे बड़े युवा संगठन में से एक है। उन्होंने एनसीसी के कैडेट्स को बताया एनसीसी के प्रशिक्षण से कैडेट एक अच्छा नागरिक बनता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों में देशभक्ति, ईमानदारी, समय की पाबंदी, एकता और अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण गुणों का समावेश कराया जाता है।
वर्तमान समय में किसी भी राष्ट्र की उन्नति के लिए देश के नागरिकों में शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, एकता व अनुशासन तथा देशभक्ति की भावना होना भी परम आवश्यक है। एनसीसी का प्रशिक्षण छात्रों में इन्हीं सब गुणों का प्रवेश कराता है। इस दौरान हाथरस के कमान अधिकारी कर्नल नवजोत कंग, कर्नल आरके सिंह, सूबेदार मेजर विक्रम सिंह, लेफ्टिनेंट नरेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, ज्ञानचंद्र भारती, प्रवीण शर्मा, चीफ ऑफिसर मनोज राजपूत, चीफ ऑफिसर सीपी सिंह, थर्ड ऑफिसर लोकेश शर्मा, सूबेदार आरबी वर्मा, सूबेदार दुलीचंद्र, हवलदार ओमवीर आदि मौजूद रहे। संवाद