डाकखाने में रख्ाे कॉल सेंटर्स के पार्सल।
- फोटो : अमर उजाला
कॉल सेंटरों का गोरखधंधा फिर से जोर पकड़ने लगा है। कोतवाली पुलिस ने हाथी के दांत दिखाने के बाद कॉल सेंटरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जिससे उनके हौसले बुलंद हो गए। डाकखाने में अब पहले की तरह बुक किए गए पार्सलों की संख्या सैकड़ों में पहुंचने लगी है।
सदर कोतवाली पुलिस ने कॉल सेंटरों की कमर तोड़ने की बात कही थी। कॉल सेंटरों की सूची हासिल करने के बाद बड़े पैमाने पर छापामारी की योजना तैयार की गई थी। सदर कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी ने कॉल सेंटरों की सूची तैयार कराई थी।
डाकखाने में पहुंचने वाले पार्सलों से ग्राहक का नाम-पता नोट करने की बात कही गई थी। कोतवाल ने कहा था कि ग्राहक की शिकायत पर कॉल सेंटर संचालक और डाकखाने के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। हालांकि ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला और सारी बात हवा-हवाई निकली। पुलिस ने हाथी के जो दांत दिखाए थे, उसका असर कुछ दिनों तक दिखा।
कॉल सेंटर संचालकाें ने डाकखाने में पार्सल भेजना बंद कर दिया, लेकिन अब फिर से पार्सल पहुंच रहे हैं और धंधा पहले की तरह चल पड़ा है। इस बारे में कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि वह अवश्य ही कार्रवाई करेंगे। जल्द ही शहर में छापामारी कर कॉल सेंटरों को बंद कराया जाएगा।