संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
गांव नगला गिरधारी में चोर विद्युत ट्रांसफॉर्मर को क्षतिग्रस्त कर उसमें से कॉपर वाइडिंग व कोर सहित अन्य सामान निकाल ले गए। इस मामले में 33-11 केवी विद्युत उपकेंद्र जैतई रोड के अवर अभियंता बच्चन सिंह ने बृहस्पतिवार को सादाबाद कोतवाली में तहरीर दी है।
तहरीर में अवर अभियंता ने बताया कि 18-19 अगस्त की मध्य रात्रि को चोरों ने 33-11 केवी विद्युत उपकेंद्र जैतई रोड से पोषित 11 केवी कुरसंडा फीडर से ऊर्जीकृत निजी नलकूप उपभोक्ता महेंद्रपाल शर्मा पुत्र घनश्याम सिंह निवासी नगला गिरधारी के खंभे पर स्थापित 25 केवीए के परिवर्तक को नीचे गिराकर उसमें से कॉपर वाइंडिंग व कोर निकाल लिया।
तेल को जमीन पर फैला दिया गया, जिससे परिवर्तक क्षतिग्रस्त हो गया। चोर परिवर्तक की शेष खाली बॉडी को मौके पर छोड़ गए। परिवर्तक के क्षतिग्रस्त होने से विभाग को करीब एक लाख रुपये की राजस्व की क्षति हुई है। घटना की जानकारी 112 नंबर को भी दी गई।
आज नौ बजे से पांच बजे तक बाधित रहेगी बिजली
कस्बा में शुक्रवार को जर्जर तारों को बदलने का काम किया जाएगा। इस वजह से सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक कस्बे के कई इलाकों की बिजली बाधित रहेगी। जेई श्रीकांत ने बताया कि कस्बे के मोहल्ला कूपा गली, राममंदिर गली, जवाहर बाजार, गली पंडितान, बजरिया चौक, सिनेमा हॉल के पास विद्युत बंच केबल बदलने का कार्य किया जाएगा। इस वजह से उक्त इलाकों की बिजली सुबह नौ से शाम पांच बजे तक बाधित रहेगी। उन्होंने लोगों से सुबह नौ बजे तक पानी आदि भर लेने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।