हाथरस : जुमे की नमाज के चलते जामा मस्जिद चौराहे पर तैनात पुलिस बल। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जुमे की नमाज शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अदा की गई। मस्जिदों के बाहर काफी पुलिस बल तैनात रहा। ड्रोन कैमरों से मस्जिदों के आसपास निगरानी की जाती रही। अधिकारी भी लगातार निरीक्षण करते रहे। खुफिया तंत्र पूरे दिन सतर्क रहा।
दो सप्ताह पहले जुमे की नमाज के बाद सिकंदराराऊ के कस्बा पुरदिलनगर में बवाल हुआ था। तब से यहां प्रशासन नमाज को लेकर और ज्यादा सतर्कता बरत रहा है। शुक्रवार को भी जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। शहर व ग्रामीण क्षेत्र की मस्जिदों के बाहर पुलिस बल की तैनाती रही। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाती रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भ्रमण करते रहे। इतना ही नहीं मुस्लिम व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भी पुलिस बल तैनात रहा।
जुमे की नमाज के बाद कहीं भीड़ तो एकत्रित नहीं हो रही, इसकी जानकारी अधिकारी लेते रहे। खुफिया तंत्र भी इसे लेकर काफी सतर्क रहा। सासनी में भी जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच अदा की गई। प्रशासन व पुलिस ने नमाज को लेकर पहले से ही तैयारी की थी, जिससे कोई अप्रिय घटना न होने पाए। कस्बे की जामा मस्जिद, नूरी मस्जिद, आशा नगर स्थित दरगाह शरीफ, बिजलीघर मस्जिद, नगला भूरा, बसई काजी, नगला बीखा, जलालपुर सहित अन्य क्षेत्रों में पुलिस एवं प्रशासन सतर्क रहा और शांति व्यवस्था के बीच नमाज अदा हुई। इस मौके पर एसडीएम अंजलि गंगवार, तहसीलदार सुनील कुमार, सीएफओ अरविंद कुमार, प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह राघव, ईओ स्वदेश आर्य सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी अपने क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। संवाद