हाथरस : श्रीरामलीला चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए पूजा-अर्चना करते नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के मुख्य चौराहों के सौंदर्यीकरण का काम शुरू कराया जा रहा है। इस क्रम में शनिवार को रामलीला चौक के सौंदर्यीकरण के काम का शिलान्यास नगर पालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा व नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. विवेकानंद ने पं. सीपू जी महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया। नगर पालिकाध्यक्ष का लोगों ने स्वागत भी किया।
नगर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका परिषद हाथरस का लक्ष्य है कि नगर के प्रत्येक चौराहे को भव्य व सुंदर बनाया जाए। इस क्रम में ऐतिहासिक रामलीला चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य का शिलान्यास किया गया है। पूरा प्रयास होगा कि इस चौराहे को भव्य व ऐतिहासिक बनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह नगर को साफ-सुथरा रखने में नगर पालिका का सहयोग करें। कूड़ा-कचरा नियत स्थान पर डालें।
उन्होंने अपील की कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में अपने नगर को नंबर एक पर लाने के लिए नगर के हित में वोटिंग करें और स्वच्छ व भव्य नगर की कल्पना को साकार करने में सहयोग करें। इस अवसर पर क्षेत्रीय सभासद बबिता वर्मा उमाशंकर जैन, हरीश आहूजा, राजकुमार चावला, भानू प्रकाश, जीतू शर्मा, मुरारी लाल शर्मा, राजू चौधरी, दुर्गेश वर्मा, विमल दीक्षित, प्रवीण कुमार, राजेश वार्ष्णेय, नन्हे गुरू, ललित शर्मा व धनुआ सेठ आदि मौजूद थे।