न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सर्दी की शुरुआत के साथ वन विभाग ने अपने पौधों को बचाने की कवायद शुरू कर दी है। वन विभाग द्वारा जिलेभर में वृक्ष महाकुंभ के तहत रोपे गए 26 लाख पौधों को पाले से बचाने के लिए सिंचाई करेगा। सिंचाई के काम में नलकूप व टैंकरों की मदद ली जाएगी, ताकि पौधे सुरक्षित रहें।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार का हरियाली पर खासा ध्यान है। साल दर साल पौधे रोपने के लक्ष्य को बढ़ाया जा रहा है। इस साल वृक्ष महाकुंभ के तहत वन विभाग सहित 24 विभागों की मदद से जिलेभर में 26 लाख पौधे रोपे गए हैं। अचानक हुए मौसम मे बदलवा के बाद वन विभाग को भी पौधों की चिंता सताने लगी है। अब वन विभाग की आधा दर्जन नर्सरियों में अगले साल के लिए नए पौधों को तैयार किया जा रहा है।
पूर्व में लगे पौधों को पाले से बचाने के लिए वन विभाग द्वारा नलकूप व टैंकरों की मदद से सिंचाई की कार्य योजना तैयार की गई है। जल्द पौधों की सिंचाई की शुरुआत होगी। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) सीपी सिंह का कहना है कि पौधों को पाले से बचाने के लिए सिंचाई कराई जाएगी। सर्दी के मौसम में पौधा मरता नहीं है। उसकी पैदावार कम हो जाती है। संवाद