हाथरस: बागला जिला अस्पताल की ओपीडी के सामने लगी मरीजों की भीड़।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लोगों को सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार सचेत कर रहे हैं, लेकिन जिला अस्पताल की ओपीडी के बाहर हर दिन सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसको लेकर अस्पताल प्रशासन के अधिकारी बेखबर हैं।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी भले ही आठ बजे खुली, लेकिन यहां पर दवा लेने वालों का आना सुबह सात बजे से ही शुरू हो गया। देखते ही देखते सैकड़ों महिला पुरुष मरीजों की भीड़ लग गई। ओपीडी खुलते की पर्चा बनवाने के लिए ओपीडी के शटर के बाहर ही महिला व पुरुषों की लंबी लाइन लगी नजर आई, जिसे देख साफ जाहिर हो रहा था कि लोग कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर सचेत नहीं हैं, क्योंकि अगर सचेत होते तो ओपीडी के बाहर लगी लाइन में लगे लोग सामाजिक दूरी का पालन करते। यहां पर हर दिन ऐसा ही हो रहा है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.आईवी सिंह ने बताया कि लोगों को सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए लगातार कहा जा रहा है, लेकिन अस्पताल आने वाले लोग इस बात को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, फिर भी प्रयास है कि लोग सामाजिक दूरी का पालन करें।