न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के पांच लाख 78 हजार से अधिक लोगों ने ई-श्रम कार्ड बनवा लिया है। अब पात्रता के आधार पर जल्द लाभार्थियों के खाते में भरण-पोषण भत्ते की राशि आएगी। एक जनवरी के बाद ई-श्रम कार्ड बनवाने वालों को भरण-पोषण भत्ते का लाभ नहीं मिलेगा। खास बात यह है कि जिन्होंने 25 दिसंबर तक पंजीयन करा लिया, उनके खाते में तीन जनवरी तक भत्ते की पहली किस्त पहुंच जाएगी।
उल्लेखनीय है कि आने वाले समय में अब ईश्रम कार्ड के जरिये ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। लाभार्थियों को राहत पहुंचाने के लिए कागजी डेटा तैयार किया गया है। पांच लाख 83 हजार के सापेक्ष जिलेभर में सीएचसी व श्रम कार्यालय की मदद से पांच लाख 78 हजार से अधिक लोगों के ई श्रम कार्ड 31 दिसंबर तक बनने के साथ पंजीकृत हो गए है। इस कार्ड के जरिये दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, एक लाख रुपये दिव्यांगता व पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। ईश्रम कार्ड पूरे देश में मान्य होगा। ईश्रम के जरिये आपदा के समय में भी लोगों को आसानी से राहत मिलेगी।
किसान सम्मान निधि, अन्य योजना वाले होंगे बाहर
हाथरस। जिले के जो किसान किसान सम्मान निधि व अन्य किसी योजना में पंजीकृत हैं। उन्हें ईश्रम योजना से सत्यापित कर बाहर किया जाएगा, क्योंकि पहले से ही दूसरी योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। जिन लोगों ने 25 दिसंबर तक पंजीकरण करा लिया है, उनके खाते में तीन जनवरी तक भरण पोषण भत्ते की राशि खाते में पहुंचेगी। बाकी लाभार्थियों की किस्त दूसरे चरण में पहुंचेगी। संवाद
31 दिसंबर तक जिले में पांच लाख 78 हजार छह सौ 82 लोगों ने पंजीकरण करा लिया है। जो पात्रता के दायरे में आएंगे, उन्हें भरण-पोषण भत्ता मिलेगा। किसान सम्मान निधि पाने वाले अन्य किसी योजना से लाभ लेने वालों को भत्ते का लाभ नहीं मिलेगा।
-मोहम्मद आजम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी