हाथरस : कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही शुक्रवार को जिलाधिकारी रमेश रंजन ने आदर्श आचार संहिता के तहत दिए गए निर्देशों का अनुपालन कराने त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य चुनाव को स्वतंत्र व निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की।
डीएम ने चुनाव कार्य के दौरान प्रयोग होने वाली सामग्री टेंट, फर्नीचर आदि व्यवस्थाओं की टेंडर प्रक्रिया को तत्काल फाइनल करते हुए आवश्यक सामग्री खरीदने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी से मतपत्र और मतपेटिकाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। परियोजना निदेशक अश्विनी कुमार मिश्र से प्रशिक्षण के संबंध में की गई तैयारियों के बारे में जानकारी ली। पीडी ने बताया कि प्रशिक्षण का कार्य दो चरणों में किया जाएगा। प्रत्येक चरण में 500 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए पहले लगभग 25 मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीएम ने प्रशिक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने चुनाव के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करते हुए आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरटीओ को आवश्यकता से कुछ अधिक वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जिससे पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। डीएम ने वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराने के लिए रोजगार सेवकों की तैनाती करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर प्राथमिकता के आधार पर वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराना सुनिश्चित करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी दशा में निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी नहीं हटाई जाए।