न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भले ही हाथरस छोटा जिला है, लेकिन यहां के कई उद्योग देश-विदेश तक पहचान बनाए हुए हैं। यहां के उद्यमियों को नये औद्योगिक क्षेत्र की दरकार है। 86 उद्यमियों ने डीएम से वार्ता कर पांच लाख वर्ग मीटर से अधिक भूमि की मांग की है। उद्यमियों की मांग पर डीएम ने सासनी व हाथरस एसडीएम को भूमि की तलाश करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में रंग-गुलाल, हींग, दाल, आयुर्वेद दवाई, गलीजा आदि की फैक्ट्रियां शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित हो रही हैं। सरकार उद्योगों को बढ़वा दे रही है तो वहीं उद्यमियों को भी नए औद्योगिक क्षेत्र की उम्मीद जागी है। बीते दिनों व्यापारियों ने डीएम से मिलकर पांच लाख वर्गमीटर से अधिक भूमि उपलब्ध कराने के साथ औद्योगिक क्षेत्र को स्थापित करने की मांग की। इस पर डीएम ने सासनी व हाथरस एसडीएम को भूमि की तलाश करने के लिए कहा है।
अफसरों ने भूमि की लगातार तलाश भी शुरू कर दी है। भूमि उपलब्ध होने के बाद जिले के उद्योगों को नई संजीवनी मिलने की उम्मीद है। औद्योगिक अस्थान के अध्यक्ष देवेंद्र मोहता ने बताया कि नए औद्योगिक एरिया के स्थापित कराने के लिए पांच लाख वर्ग मीटर से अधिक भूमि उपलब्ध कराने के लिए 86 उद्यमियों की सूची डीएम को सौंपी गई है।