सादाबाद खजूर वाली गली में कपड़े व टेलरिंग की दुकान में लगी भीषण आग।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कस्बे के जवाहर बाजार स्थित खजूरवाली गली में सोमवार की सुबह एक रेडीमेड कपड़े और टेलरिंग की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान को अपने आगोश में ले लिया। आग की लपटें देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। जब तक लोग आग पर काबू पाते पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग से दुकान में लगभग चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
कस्बे की खजूर वाली गली में मोहल्ला मिर्जापाड़ा निवासी मोहम्मद कफील पुत्र मोहम्मद हनीफ की की कपड़े की दुकान है, जिस पर कफील रेडीमेड कपड़े बेचते हैं और कपड़ों की सिलाई का भी कार्य करते हैं। कफील के मुताबिक, दुकान के अंदर करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक की तीन इलेक्ट्रिक सिलाई मशीन, दो सादा सिलाई मशीन के अलावा करीब दो से ढाई लाख रुपये के रेडीमेड कपड़े भी थे।
दुकान के अंदर फर्नीचर भी लगा हुआ था। कफील ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब सात बजे जैसे ही बिजली आई, वैसे ही शॉर्ट-सर्किट हुआ और दुकान में आग लग गई। किसी तरह उन्होंने दुकान को खोला तो दुकान के अंदर सब आग की भेंट चढ़ चुका था।
उसे लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई। किसी तरह दुकान के अंदर से जली मशीन, जले कपड़ों को निकाला गया। दुकान के अंदर लगा फर्नीचर भी पूरी तरह से जल गया। मौके पर प्रभारी कानूनगो नरेंद्र देव भी पहुंच गए और नुकसान का आंकलन किया और पूरी घटना से अफसरों का भी अवगत कराया।