बस स्टैंड पर हंगामे के बाद पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
सोमवार की सुबह बस स्टैंड पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों तरफ से कोल्ड ड्रिंक की बोतलें और कुर्सियां चलने लगी। मारपीट में दो लोग घायल हो गए। इससे भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल हालात को काबू में कर लिया। इसके बाद स्टैंड पर पुलिस तैनात कर दी गई है। दोनों पक्षों ने कोतवाली मेें तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार सुबह बस स्टैंड पर तैनात पुलिसकर्मी अतिक्रमण चिन्हित करने के लिए एक कचौड़ी की ढकेल वाले से नाम पूछ कर नोट कर रहा था। ढकेल वाले का लगा कि उसका नाम उसके सामने पान कॉल्ड ड्रिंक वाले ने लिया है। इसको लेकर आपस में तकरार के बाद मारपीट चालू हो गई। थोड़ी देर बाद पथराव शुरू हो गया। जिससे भगदड़ मच गई।
सूचना पर कोतवाल अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए और हालात को काबू में कर लिया। इसके बाद बस स्टैंड पर भीड़ जमा हो गई। एक पक्ष से महिलाएं आकर रोने लगी। पुलिस ने उन्हें समझा कर वापस भेज दिया। कोतवाल ने कहा कि इस प्रकार की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।