न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव चिंतापुर में जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों ओर से लाठी-डंडे भी चले। मारपीट में एक पक्ष का एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। एक अन्य व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
शहर से सटे गांव चिंतापुर में दो पक्षों में जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। बुधवार की सुबह उनके बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग यहां जमा हो गए और फिर उनके बीच गाली-गलौज होने लगी।
धीरे-धीरे उनमें मारपीट भी शुरू हो गई। जिसमें विनोद कुमार घायल हो गए। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है।