हाथरस : दवा का छिड़काव कराते अधिकारी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में बुखार का प्रकोप जारी है। वायरल बुखार और डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब जिले में 12 और लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कई स्थानों पर पहुंचकर मरीजों की जांच की और उन्हें दवा भी दी। कई स्थानों पर फॉगिंग भी कराई गई।
वायरल बुखार और डेंगू जिले में लगातार कहर बरपा रहा है। जिले में अब तक बुखार से डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग बुखार की चपेट में हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों में काफी मरीज उपचार करा रहे हैं। संदिग्ध मरीजों की डेंगू की जांच भी कराई जा रही है। जिला अस्पताल में डेंगू का वार्ड भी अलग से बनाया जा चुका है। अब 12 अन्य मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।
जिले में सरकारी आंकड़ों के हिसाब से अभी तक 107 लोगों पर डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। जहां ज्यादा स्थिति संवेदनशील है, वहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों की जांच कर उपचार कर रही हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. सीएम चतुर्वेदी का कहना है कि 12 और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। टीमें मरीजों का उपचार कर रही हैं। फॉगिंग आदि भी कराई जा रही है। संवाद