न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शनिवार की रात को आई आंधी और बारिश से जिले का बिजली सिस्टम लड़खड़ा गया। शहर से ग्रामीण अंचल तक लाइनों में फॉल्ट की वजह से करीब चार घंटे लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा। कुछ देहात के इलाकों में पूरी रात फॉल्ट न मिलने के कारण बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ा। इससे दिनचर्या भी प्रभावित हुई।
जिले का बिजली सिस्टम भगवान भरोसे है। बिजली की लाइनें जर्जर हालत में हैं। थोड़ी आंधी और बारिश में ही लाइनें धराशाई हो जाती हैं। शनिवार की रात को करीब सात बजे आई आंधी और बारिश के दौरान शहर के गिजरौली, नवीपुर, ओढ़पुरा, कांशीराम टाउनशिप, वाटर वर्क्स विद्युत उपकेंद्रों से निकलने वाले फीडरों की लाइन में जगह-जगह फॉल्ट हो गए। देहात के चंदपा, मुरसान, सासनी, हसायन सलेमपुर, नगला रति विद्युत उपकेंद्रों के फीडरों की लाइनों में भी फॉल्ट हुए। बिजली कर्मियों की टीमें तुरंत फॉल्ट दूर करने में जुट गईं।
रात करीब 11 बजे इन बिजलीघरों से जुड़े इलाकों में आपूर्ति बहाल हो गई। वहीं ग्रामीण अंचल में सलेमपुर बिजलीघर से जुड़े इलाकों में पूरी रात बिजली ठप रही। बिना बिजली के लोगों को काफी मुश्किलों से जूझना पड़ा। उपखंड अधिकारी (एसडीओ) विशाल निषाद का कहना है कि आंधी व बारिश के चलते लाइनों में फॉल्ट हो गए थे। इस कारण रात्रि 11 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही है। संवाद
बारिश के दौरान करीब चार घंटे बिजली गुल रही है। बिना बिजली के काफी परेशानी हुई है। वैसे भी हर रोज बिजली गुल हो रही है। बिजली विभाग को गर्मियों के मद्देनजर आपूर्ति को व्यवस्थित रखने पर ध्यान देना चाहिए।
- रामकुमार शर्मा
बिजली विभाग को सिस्टम को दुरुस्त करने पर ध्यान देने की जरूरत है। जरा सी आंधी आने या बारिश होने पर कई कई घंटे बिजली गुल हो जाती है। गर्मी में बिजली ज्यादा परेशान कर रही है। इस कारण खासी दिक्कतें आ रही हैं।
-अनिल शर्मा
कभी दिन तो कभी रात में बिजली गुल होना आम बात हो गई है। विभाग को लाइनों की पेट्रोलिंग करनी चाहिए, ताकि आंधी व बारिश के दौरान लाइनों में ज्यादा दिक्कत न आए। शनिवार को आंधी के दौरान करीब चार घंटे बिजली बंद रही है।
- कुलदीप कौशिक