न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभान्वित किए जाने वाले किसानों के लंबित आधार फीडिंग एवं संशोधन पर की गई कार्रवाई के संबंध में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि पात्र किसान किसी भी दशा में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने डुप्लीकेट डाटा को पोर्टल से हटाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि प्रतिदिन आधार फीडिंग/संशोधन में की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।। उन्होंने उप कृषि निदेशक एचएन सिंह को निर्देश दिए कि आधार फीडिंग के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने जिला उप निदेशक कृषि से आधार के नाम संशोधन एवं इनवैलिड आधार के संशोधन के बारे में जानकारी ली।
उप निदेशक कृषि ने आधार के नाम संशोधन एवं इनवैलिड आधार के संशोधन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की कुल लगभग 38000 किसानों का डाटा संशोधन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने प्रत्येक न्याय पंचायत में कृषि विभाग की क्षेत्रीय कर्मचारियों को आधार कलेक्ट करते हुए 15 दिन के अंदर लम्बित डाटा को संशोधन करने के निर्देश दिए। उप निदेशक कृषि ने जानकारी देते हुए बताया कि आधार संशोधन के बिना कृषकों को उक्त योजना का लाभ नहीं मिल सकता है। बैठक में अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।