हाथरस : क्षतिग्रस्त खंभों पर कार्य करते बिजली कर्मी। संवाद
- फोटो : SHAPHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
आंधी और बारिश से जिले में बिजली विभाग को तकरीबन 50 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। आंधी में बड़ी संख्या में बिजली के खंभे धराशाई हो गए, जिससे बिजली विभाग को लाखों का झटका लगा है। कई गांवों की आपूर्ति भी अभी तक ठप पड़ी है। बिजली कर्मचारी लाइनों को दुरुस्त करने में लगे हैं।
बुधवार को आई तेज आंधी बारिश ने खूब तबाही मचाई है। करीब 80 खंभे धराशाई हो गए और बिजली की लाइनें भी नष्ट हो गई और विद्युत लाइनें ध्वस्त हो गई। इससे करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। 33 केवीए दो विद्युत उप केंद्रों की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी अभी तक तमाम गांव की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
कुरसंडा क्षेत्र में आंधी तूफान के दौरान अशोक कुमार पुत्र भगवान सिंह, विपिन कुमार पुत्र रतन सिंह, सुखबीरी देवी पत्नी रोहताश सिंह, बलवीर सिंह पुत्र किशन सिंह घायल हो गए। जबकि कई लोगों के पशु भी मलबे में दबकर मर गए। क्षेत्रीय लेखपाल अनिल गौतम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया है। प्रधान प्रतिनिधि रूपेंद्र सिंह नंबरदार भी घायलों का हाल जानने के लिए पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। संवाद