हाथरस : नगला भूरा रोड पर सड़क में गड्ढे। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बारिश के चलते सड़कों को गड्ढामुक्त करने का काम फिलहाल रोक दिया गया है। हालांकि रविवार से जिलेभर में 351 किलोमीटर सड़क को गड्ढामुक्त करने का काम शुरू होना था। लोक निर्माण विभाग को शासन से ढाई करोड़ के सापेक्ष 30 प्रतिशत बजट भी मिल गया है। अब बारिश थमने के बाद लोनिवि द्वारा जल्द काम की शुरुआत की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार चुनावी वर्ष में आमजन को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशिश में जुटी है। इसके तहत 19 सितंबर से 15 नवंबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का फैसला लिया गया। जिले के लोनिवि अधिकारियों ने गड्ढायुक्त सड़कों का सर्वे किया। जिले में कुल 351 किमी सड़क ऐसी मिली, जोकि गड्ढायुक्त थी। लोनिवि ने इन सड़कों को गड्ढामुक्त करने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया। उसके बाद लोनिवि को ढाई करोड़ के सापेक्ष 30 प्रतिशत बजट भी मिल गया।
अफसरों ने कार्य योजना भी तैयार कर ली। अब रोजाना बारिश हो रही है। इस कारण काम को अगले कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है। बारिश थमने के बाद सड़कों को गड्ढामुक्त करने की शुरुआत होगी। लोनिवि एक्सईएन राजेश कुमार निगम का कहना है कि बारिश के चलते काम को कुछ दिन के लिए रोक दिया गया है। बारिश थमने के साथ सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का काम शुरू होगा। संवाद